दिवाली पर जयपुर को सौगात: मानसरोवर में सिटी पार्क का लोकार्पण
<p><em><strong>11 शहरों की 15 आवासीय योजनाओं का भी लोकार्पण</strong></em></p>
पिंकसिटी जयपुर को एक नया नवेला खूबसूरत पार्क मिला है। शुक्रवार को जयपुर के मानसरोवर में राजस्थान आवासन मंडल द्वारा 55 करोड़ की लागत से निर्मित सिटी पार्क का मुख्यमंत्री अषोक गहलोत ने लोकार्पण किया। इस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित देशों की तर्ज पर सिटी पार्क का निर्माण भव्य एवं शानदार रूप में हुआ है। इतने शानदार पार्क के निर्माण के लिए राजस्थान आवासन मंडल बधाई का पात्र है।
राजस्थान का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गोल्फ कार्ट के जरिए 52 एकड़ में बने सिटी पार्क का अवलोकन किया। उन्होंने भव्य एंट्री प्लाजा, गुम्बदनुमा स्टील स्ट्रक्चर, आकर्षक फाउंटेन व पार्क में बनी विशिष्ठ कलाकृतियों का अवलोकन किया। साथ ही, उन्होंने राजस्थान के सबसे ऊंचे (213 फीट) राष्ट्रीय ध्वज एवं इसके निकट करीब 2 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में मनोरम लोअर लेक का भी अवलोकन किया। पार्क में 20 फीट चैड़ा एवं 3.5 कि.मी. लम्बा जॉगिंग ट्रेक बनाया गया है। जिस पर भ्रमण करते हुए लोग आकर्षक लाइटिंग एवं म्यूजिक का आनंद ले सकेंगे। पार्क में पत्थर एवं मेटल से बनी 17 विशिष्ट कलाकृतियां (स्कल्पचर्स), टॉयलेट ब्लॉक, 2 पार्किंग एरिया, ऑक्सी हब, रॉक फाउंटेन, बैठने के लिये आकर्षक बैंचें एवं आर.ओ. वाटर पेयजल स्टेशन के कार्य किये गए हैं। इस दौरान गहलोत ने सिटी पार्क में वृक्षारोपण भी किया
2967 आवासों का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यक्रम के दौरान राज्य के 11 शहरों की 15 आवासीय योजनाओं में निर्मित 2967 आवासों का लोकार्पण किया। राजस्थान आवासन मंडल द्वारा आवंटियों को इन आवासों का कब्जापत्र दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बजट घोषणा 2021-22 के क्रियान्वयन के क्रम में इन 2967 आवासों का निर्माण समय से पूर्ण किया गया है। ये आवास, वाटिका एवं महला आवासीय योजना (जयपुर) तथा महात्मा गांधी सम्बल आवासीय योजना फेज प्रथम एवं द्वितीय बड़ली (जोधपुर) के साथ ही नसीराबाद, किशनगढ़, निवाई, आबू रोड, उदयपुर, भीलवाड़ा, शाहपुरा, भिंडर तथा बांसवाड़ा जैसे शहरों में चल रही आवासीय योजनाओं के अन्तर्गत बनाए गए हैं।
मेट्रो के विस्तार से कम होगा ट्रैफिक का भार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में मेट्रो का विस्तार बगरू, चाकसू, बस्सी व चैमूं तक किया जाएगा। मेट्रो के विभिन्न विस्तार कार्यो के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। मेट्रो के विस्तार से जहां एक ओर जयपुर शहर में ट्रैफिक का भार कम होगा, वहीं शहर का मूलभूत ढांचा भी सुदृढ़ होगा।
ई.आर.सी.पी. को मिले राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा
गहलोत ने कहा कि राज्य के 13 जिलों में सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ई.आर.सी.पी.) को केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिया जाना चाहिए। इससे समयबद्ध तरीके से ई.आर.सी.पी. का निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा तथा राज्य की एक बड़ी जनसंख्या लाभान्वित हो सकेगी।
इस अवसर पर स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल, राजस्थान आवासन बोर्ड के आयुक्त पवन अरोड़ा ने भी संबोधन दिया। इस अवसर पर जलदाय मंत्री महेश जोशी, तकनीकी शिक्षा मंत्री सुभाष गर्ग, विधायक रफीक खान, विधायक गंगादेवी, विधायक बाबूलाल नागर, विधायक अशोक लाहोटी, मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक एम. एल. लाठर, जयपुर हैरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर, जयपुर ग्रेटर मेयर शील धाभाई, नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
What's Your Reaction?