राजे ने फिर दिखाई ताकत, भाजपा कार्यालय की बढ़ाई गई सुरक्षा

<p><strong><em>राजस्थान में वसुंधरा राजे लगातार अपनी ताकत दिखा रहीं हैं। पार्टी के विधायकों का राजे से मिलने का सिलसिला जारी है। वहीं, अब भाजपा प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई है, ऐसे में चर्चा है कि राजनाथ सिंह समेत सभी पर्यवेक्षक आज या कल जयपुर आ सकते हैं।</em></strong></p>

राजे ने फिर दिखाई ताकत, भाजपा कार्यालय की बढ़ाई गई सुरक्षा
11-12-2023 - 09:47 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम सामने आने के बाद भाजपा को तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुमत मिला। इसके बाद से मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। रविवार को छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान कर दिया गया। विष्णुदेव साय को राज्य की कमान सौंपी गई है। लेकिन, राजस्थान और मध्यप्रदेश में अभी तक तस्वीर साफ नहीं हो पाई है।
राजस्थान की सियासी हलचल पर नजर डाले तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन करतीं दिखाईं दे रही हैं। रविवार सुबह दिल्ली से लौटकर राजे जयपुर स्थित अपने आवास पर पहुंची। दोपहर बाद भाजपा के कई विधायक राजे से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत और पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने भी राजे से मुलाकात की। राजे के दिल्ली से लौटने के बाद और विधायक दल की बैठक से पहले हुई इन मुलाकातों को अहम माना जा रहा है। 
भाजपा कार्यालय में हलचल तेज
इधर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी हलचल तेज हो गई। वहां की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पार्टी की ओर से तय किए गए तीनों पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावडे और सरोज पांडेय सोमवार देर शाम या मंगलवार सुबह जयपुर पहुंच सकते हैं। ऐसे में पर्यवेक्षक आज रात को ही विधायकों के साथ चर्चा कर सकते हैं। 
बैठक टलने की क्यों हो रही चर्चा
दूसरी तरफ बैठक टलने के आसार भी नजर जा रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि, सोमवार और मंगलवार को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु दो दिन लखनऊ में रहेंगी। ऐसे में लखनऊ के सांसद होने के नाते राजनाथ सिंह की मौजूदगी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में भी प्रस्तावित है। 
पूर्व विधायक ने राजे को मुख्यमंत्री बनाने की पैरवी की
रविवार को वसुंधरा राजे से मुलाकात करने वालों में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल का भी नाम है। उन्होंने राजे को मुख्मंत्री बनाने की बात कही। गुंजल ने कहा-राजस्थान के आर्थिक हालात खराब हैं, ऐसे में प्रदेश का मुख्यमंत्री अनुभवी होना चाहिए। राजस्थान में सिर्फ वसुंधरा राजे ही अनुभवी नेता हैं। प्रदेश की जनता भी इस बात को महसूस कर रही है। मैं और प्रदेश की जनता यही चाहती है कि वसुंधरा राजे ही सीएम बननी चाहिए। 
जल्द आएगा नया संदेश 
रविवार को जयपुर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चैबे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जल्द ही एक सकारात्मक और नया संदेश आएगा। पार्टी आलाकमान और राजस्थान के सभी विधायक उचित समय पर निर्णय लेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।