तालिबान लड़ाकों ने पाक सेना पर किया हमला, पांच लोगों की मौत, हाई अलर्ट जारी

<p><em><strong>तालिबान लड़ाकों ने स्पिन बोल्डक-चमन सीमा इलाके में पाकिस्तानी सेना पर हमला किया है। इस दौरान हुई झड़प में पांच नागरिकों की मौत हुई है। घायल 20 लोगों को चमन के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। पाकिस्तानी सेना ने हालात को संभालने के लिए बड़ी संख्या में सैनिकों को तैनात किया है।</strong></em></p>

तालिबान लड़ाकों ने पाक सेना पर किया हमला, पांच लोगों की मौत, हाई अलर्ट जारी
12-12-2022 - 06:41 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

पाकिस्तान और तालिबान के बीच जारी तनाव अब हिंसक रूप लेता जा रहा है। तालिबान लड़ाकों ने कंधार प्रांत से सटे स्पिन बोल्डक-चमन सीमा पर पाकिस्तान के अंदर घुसकर हमला किया है। इस हमले में पांच लोगों के मारे जाने की सूचना है। हमले में घायल 20 लोगों को चमन के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। 
घायलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमन के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पाकिस्तानी सेना ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीमा पर भारी संख्या में सैनिकों को भी तैनात किया है। फिलहाल सीमा से होने वाले व्यापार और लोगों की आवाजाही को रोक दिया गया है। पाकिस्तानी सेना को आशंका है कि तालिबान लड़ाके दोबारा हमला कर सकते हैं।

पाकिस्तानी सेना पर क्यों फूटा तालिबान का गुस्सा
स्पिन बोल्डक-चमन सीमा पर अफगान नागरिकों को हो रही असुविधा और उत्पीड़न को लेकर तालिबान पहले ही पाकिस्तान से नाराजगी जता चुका है। तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तानी सैनिक अफगान नागरिकों को बेवजह परेशान करते हैं। अफगानों को घंटों भूखे-प्यासे लाइन में खड़ा किया जाता है। उनका नंबर आने के बाद दस्तावेजों को अधूरा बताकर प्रताड़ित भी किया जाता है। विरोध जताने पर अफगान नागरिकों की पिटाई की जाती है। तालिबान का दावा है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पाकिस्तानी सरकार की तरफ से सीमा पर स्थिति सुधारने के कोई प्रयास नहीं किए गए हैं।
बेहद महत्वपूर्ण है स्पिन बोल्डक-चमन सीमा
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच व्यापार का बड़ा हिस्सा स्पिन बोल्डक-चमन सीमा के जरिए ही होता है। इस रास्ते से अफगानिस्तान से अनार, सूखे मेवे, कालीन और कई खनिजों को पाकिस्तान में मौजूद बंदरगाहों पर भेजा जाता है। यहां से ये सामान दुनिया के अलग-अलग देशों तक जाता है। इसके अलावा रोजाना बड़ी संख्या में अफगान नागरिक भी इसी सीमा से पाकिस्तान आते-जाते हैं। इसी रास्ते पाकिस्तान से भी बड़ी मात्रा में अनाज, कपड़ा, दवाइयां और दूसरी जरूरी चीजों को अफगानिस्तान निर्यात किया जाता है।

सीमा को लेकर भी पाकिस्तान और तालिबान में तनाव
तालिबान शुरू से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच की सीमा को नहीं मानता है। तालिबान का दावा है कि डूरंड लाइन के उस पार भी अफगानिस्तान का इलाका है। अफगानिस्तान में राज कर रहा तालिबान पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के बड़े हिस्से को अपना बताता है। हालांकि, पाकिस्तान इन दावों को खारिज करता रहा है। इस विवाद को सुलझाने के लिए पाकिस्तान की तरफ से कोई भी ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। पहले भी डूरंड लाइन की तारबंदी के दौरान भी कई इलाकों में पाकिस्तानी सेना और तालिबान के बीच हिंसक झड़पें हो चुकी हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।