मिर्जापुर में नशे में धुत युवकों ने मस्जिद में लगाई आग, तीन गिरफ्तार; भारी सुरक्षा तैनात

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ज़िले में देर रात नशे में धुत कुछ युवकों ने एक मस्जिद में आग लगा दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में घबराहट फैल गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज..

मिर्जापुर में नशे में धुत युवकों ने मस्जिद में लगाई आग, तीन गिरफ्तार; भारी सुरक्षा तैनात
29-11-2025 - 09:28 AM
29-11-2025 - 09:29 AM

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ज़िले में देर रात नशे में धुत कुछ युवकों ने एक मस्जिद में आग लगा दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में घबराहट फैल गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना के बाद संभवित साम्प्रदायिक तनाव को देखते हुए मस्जिद और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की फोर्स तैनात

घटना देर रात लगभग 2 बजे चुनार थाना क्षेत्र के मोची टोला स्थित जामा मस्जिद में हुई। मस्जिद के अंदर से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
दमकल व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, मस्जिद के भीतर रखी कालीनें, लकड़ी के दरवाज़े, सीढ़ियाँ, चैनल गेट और अन्य सामान जलकर राख हो चुके थे। मस्जिद की दीवारें धुएँ से काली पड़ गईं। परिसर में रखी कालीन की एक यूनिट भी पूरी तरह जल गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर लिया जायज़ा

पुलिस ने घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। किसी भी प्रकार की अशांति की संभावना को देखते हुए चार थानों की भारी फोर्स तैनात की गई है।

SDM चुनार राजेश कुमार वर्मा, CO सदर अमर बहादुर और CO मड़िहान शिखा भारती सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।

कानून-व्यवस्था नियंत्रित: पुलिस

एडिशनल SP ऑपरेशन्स मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी युवक शराब के नशे में थे। उन्होंने मस्जिद के गेट को नुकसान पहुँचाया और परिसर में आग लगाने की कोशिश की।
लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पहचाने गए युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।