कृतज्ञ राष्ट्र ने अपने प्रिय नेताओं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
भारत आज अपने प्रिय नेताओं महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उनकी जयंती पर उन्हें याद कर रहा है और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। नयी दिल्ली में स्थित महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और शास्त्री की समाधि विजय घाट पर देश की प्रमुख हस्तियां पहुंच रही हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं।
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन महान विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर चुके हैं। कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे साथ-साथ राजघाट पहुंचे। अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग से पूर्व सोनिया गांधी और खड़गे का साथ दिखना कांग्रेसियों के लिए एक संकेत की तरह देखा जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी चूंकि भारत जोड़ो यात्रा पर हैं इसलिए उन्होंने महात्मा गांधी की जयंती पर कर्नाटक के मैसूर में श्रद्धांजलि दी। वे इन दिनों भारत जोड़ा यात्रा पर हैं।
महात्मा गांघी की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें लखनऊ में श्रद्धांजलि दी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धर्मशाला में गांधी जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। ठाकुर ने कहा, 'गांधी जयंती के अवसर पर उनके उस योगदान को स्मरण करता हूं जो देश के करोड़ों लोगों का आज़ादी का मंत्र बना। देश की आजादी के लिए उनका योगदान जिस तरह से रहा, अहिंसा अपनाकर भी हम अपनी बात को प्रभावी ढंग से मनवा सकते हैं। इस योगदान को मैं स्मरण करता हूं।'
जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महात्मा गांधी 152वीं जयंती पर सचिवालय स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद गांधीनगर स्थित गांधी प्रतिमा पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर अवनेक मंत्री और विपक्ष के उपस्थित रहे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा सवाई मान सिंह स्टेडियम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है।
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित ‘स्वच्छ भारत दिवस’ समारोह में छह स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी। आधिकारिक बयान के मुताबिक, ये पुरस्कार- स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण (एसएसजी) 2022, स्वच्छता ही सेवा 2022, सुजलम 1.0 और 2.0, जल जीवन मिशन (जेजेएम) कार्यात्मक आकलन, हर घर जल प्रमाणीकरण और स्टार्टअप ग्रैंड चलैंज हैं। फिलहाल केंद्र सरकार के दो अहम कार्यक्रमों-स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण (एसबीएम-जी) और जल जीवन मिशन (जेजेएम) का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
लोक सभा सचिवालय में कार्यक्रम
लोक सभा सचिवालय ने देश के 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूलों और कॉलेजों से चयनित 99 युवा प्रतिभागियों को आमंत्रित किया है। देश भर से आए ये युवा संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में केंद्रीय मंत्रियों एवं अन्य गणमान्य लोगों के साथ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देंगे। इन युवा प्रतिभागियों का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया है।
What's Your Reaction?