भारत के सूर्या की तूफानी बल्लेबाजी में उड़ा न्यूजीलैंड, 65 रनों के अंतर से गंवाया दूसरा टी-20 मैच
<p><strong>भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार, 20 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले गये श्रृंखला के दूसरे टी-20 मैच में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से रनों की जबर्दस्त बौछार हुई। उनके बल्लेबाजी के तूफान में न्यूजीलैंड ऐसा उड़ा कि 65 रनों के बड़े अंतर मैच गंवा बैठा।</strong></p>
टॉस हारने के बाद भारतीय टीम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के नाबाद 111 रन की बदौलत न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 126 रनों के स्कोर पर ही ढेर हो गई।
उल्लेखनीय है कि श्रृंखला का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था और आज दूसरे मैच पर भी बरसात का साया जरूर रहा। लेकिन, बरसात रुकने के बाद सूर्यकुमार यादव का बल्ला गेंदबाजों पर जमकर बरसा। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपना दूसरा शतक लगाकर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया। आज के मैच में भारत ने छह विकेट खोकर 191 रन बनाए।
भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 111 रन और ईशान किशन ने 36 रन बनाये। उनके अलावा हार्दिक और श्रेयस अय्यर ने 13-13 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिये। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 126 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाये। भारत के लिए दीपक हुड्डा ने 10 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके। युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज को दो-दो सफलता मिली।
What's Your Reaction?