तालिबान की भारत से गुहार...रुके हुए प्रोजेक्ट फिर से शुरू करने की मांग, बोला-हम पूरी सुरक्षा देंगे
<p><em><strong>अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान के साथ भारत के कोई औपचारिक संबंध नहीं हैं, जिसके कारण वहां भारतीय निवेश को लेकर चिंताएं हैं।</strong></em></p>
अफगानिस्तान में अब तालिबान सत्ता में है। बिना मान्यता के वहां पर भारत की ओर से अफगान जनता के हित में किए गए कार्य सबसे बड़ी चिंता बने हुए हैं। इन सभी निवेशों और परियोजनाओं को फिर से शुरू करना तालिबान की भी प्राथमिकता है। इसे लेकर पिछले सप्ताह तालिबान ने एक मीटिंग की और निवेश मांगा है।
इस मीटिंग में तालिबान ने भारतीय निवेश और भारत के समर्थन वाले बुनियादी ढांचा परियोजना को फिर से शुरू करने की मांग की है। बैठक तालिबान के शहरी विकास और आवास मंत्री हमदुल्ला नोमानी और देश में भारत की टेक्निकल टीम के प्रमुख भरत कुमार के बीच हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के सुहैल शाहीन ने कहा, ‘यह बैठक भारत की पहले शुरू की गई अधूरी परियोजनाओं को फिर से शुरू करने के मुद्दे पर केंद्रित थी। इसके साथ ही भारतीय निवेश से नया काबुल शहर बनाने पर भी बात हुई।’ बैठक में भारतीय निवेश की सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। तालिबान के सत्ता में आने से पहले भारत काबुल में संसद भवन से लेकर हेरात में भारत-अफगानिस्तान मैत्री बांध तक देश की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को निषाना बनाता रहा है।
अफगानिस्तान में भारत की 433 परियोजनाएं
अफगानिस्तान के सभी 34 राज्यों में लगभग 433 परियोजनाएं भारत की वित्तीय मदद से बनाई गई हैं, जो लोगों के इस्तेमाल में आती हैं। पिछले साल अगस्त में तालिबान के सत्ता में आने के बाद परियोजनाओं का कार्यान्वयन प्रभावित हुआ था। तालिबान के देश में आने के बाद भारत ने अपने राजदूतों को देश से निकाल लिया था। भारत अभी भी तालिबान की सरकार को मान्यता नहीं देता है। जून में भारत ने घोषणा की थी कि वह मानवीय सहायता के लिए अपनी टेक्निकल टीम को तैनात करेगा।
टेक्निकल टीम हुई थी रवाना
विदेश मंत्रालय ने कहा था, ‘भारत का अफगान लोगों के साथ ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंध हैं। मानवीय सहायता के प्रभावी वितरण के लिए और अफगान लोगों के साथ हमारा जुड़ाव जारी रखने के लिए और हितधारकों के प्रयासों की बारीकी से निगरानी के लिए एक टेक्निकल टीम काबुल पहुंच गई है।’ इस टेक्निकल टीम में राजनयिक और अन्य अधिकारी शामिल हैं।
What's Your Reaction?