पाकिस्तान द्वारा हिरासत में लिये गये बीएसएफ जवान की पत्नी पंजाब में पति की रिहाई की जानकारी लेने रवाना
पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के बाद हिरासत में लिए गए बीएसएफ जवान पूर्णम साहू की पत्नी ने रविवार को कहा कि वह पंजाब के फिरोजपुर जाकर बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से अपने पति की रिहाई के प्रयासों की जानकारी लेंगी..
नयी दिल्ली। पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के बाद हिरासत में लिए गए बीएसएफ जवान पूर्णम साहू की पत्नी ने रविवार को कहा कि वह पंजाब के फिरोजपुर जाकर बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से अपने पति की रिहाई के प्रयासों की जानकारी लेंगी।
गर्भवती राजानी साहू, उनका बेटा और तीन अन्य रिश्तेदार सोमवार को चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे और वहां से फिरोजपुर जाएंगे, जो भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित एक कस्बा है। उल्लेखनीय है कि साहू पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रहने वाले हैं।
बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब साहू किसानों के एक समूह को सीमा के पास ले जा रहे थे और एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए हटे, तभी अनजाने में पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गए। वह फिरोजपुर सीमा पर बीएसएफ की 182वीं बटालियन में तैनात थे।
भारतीय और पाकिस्तानी सीमा बलों ने साहू की रिहाई के लिए गुरुवार रात को एक फ्लैग मीटिंग भी की थी, लेकिन परिवार को अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
राजानी साहू ने पीटीआई से बातचीत में कहा, "इस खबर को सुनने के बाद से मैं गहरे तनाव में हूं। आज पांचवां दिन है और उनके लौटने की कोई खबर नहीं है।"
उन्होंने आगे बताया, "मेरे पास कल चंडीगढ़ की फ्लाइट का टिकट है। वहां से मैं फिरोजपुर जाऊंगी। मेरा बेटा और तीन अन्य रिश्तेदार मेरे साथ होंगे।"
राजानी ने बताया कि वह पहले रविवार शाम हावड़ा से पठानकोट होते हुए फिरोजपुर जाने वाली अमृतसर मेल से जाने वाली थीं, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो पाया।
राजानी ने कहा कि अगर फिरोजपुर में भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वह दिल्ली जाकर सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी।
पूर्णम साहू के माता-पिता, जो हुगली के रिशड़ा इलाके के हरिसभा क्षेत्र के निवासी हैं, ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा, "हम बहुत तनाव में हैं। मैं बीएसएफ अधिकारियों से हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि मेरे बेटे को जल्द से जल्द वापस लाया जाए।"
What's Your Reaction?