कांग्रेस का कलह: सीएम ले रहे थे विधायकों से फीडबैक, पायलट पहुंच गए सीधे जनता के बीच
<p><em><strong>राजधानी जयपुर में कांग्रेस के वन-टू-वन संवाद में पायलट नहीं पहुंचे, बल्कि उन्होंने दो जिलों में सभा की। यहां पायलट बोले, वादे पूरे नहीं हुए, किस मुंह से वोट मांगेंगे। इधर, फीडबैक में उनके समर्थक विधायक गहलोत कैंप के निशाने पर रहे।</strong></em></p>
राजस्थान कांग्रेस में हलचल तेज है। एक तरफ प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को कांग्रेस विधायकों से जयपुर स्थित वार रूम में वन-टू-वन फीडबैक लिया। तीनों नेताओं ने दस जिलों के विधायकों से उनके खुद और सरकार के बारे में फीडबैक लिया। वहीं दूसरी तरफ पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट इस फीडबैक कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
प्रदेष अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, पायलट विधायक हैं, इसलिए उन्हें बुलाया गया था। इस दौरान पायलट ने जयपुर जिले के शाहपुरा और झुंझुंनूं का दौरा किया। पायलट ने झुंझुनूं के खेतड़ी में शहीद श्योराम की मृर्ति का अनावरण करने के बाद कहा, जनता से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं, चुनाव के वक्त किस मुंह से वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा, पिछली भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के मुददे पर मैने एक दिन का अनशन किया, लेकिन सरकार ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया। यह सरकार की मंशा पर सवालिया निशान खड़ा करता है। यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उधर, प्रदेष प्रभारी रंधावा ने मीडिया से बातचीत में पायलट के अनशन के बाद उठे विवाद में मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ के दखल से इनकार किया है। रंधावा बोले, मैं प्रभारी हूं तो समाधान मैं ही निकालूंगा।
डोटासरा बोले- ये विधायक मानेसर जाने वालों में थे
विधायकों के फीडबैक कार्यक्रम के दौरान डोटासरा के बयान पर पायलट समर्थक विधायक भड़क गए। दरअसल, डोटासरा ने रंधावा से पायलट समर्थक हरीश मीणा और राकेश पारीक का परिचय करवाया। डोटासरा ने मीणा के लिए कहा, यह राज्य के पुलिस महानिदेशक और भाजपा से सांसद रहे हैं। पायलट के साथ विद्रोह कर मानेसर जाने वालों में शामिल थे।
मीणा-पारीक बोले- आज प्रियंका-राहुल से बड़े हो क्या!
इस पर मीणा भड़क गए और बोले, इस तरह बार-बार यह बोलेंगे तो जीतना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन होगा। हमें प्रियंका गांधी और स्व. अहमद पटेल ने बुलाकर बात की थी। ये उनसे बड़े हो गए क्या? इस पर रंधावा ने मीणा को शांत किया। पारीक बोले, चुनावी साल में क्या संदेश देना चाहते हैं। जब राहुल गांधी ने पायलट को असेट बता दिया तो अब ये सवाल उठाना ही गलत है। रघु शर्मा ने पायलट के अनशन का समर्थन करते हुए कहा हमने तत्कालीन भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के मुददे पर चुनाव लड़ा था।
विधायकों से यह सवाल पूछे
फीडबैक के दौरान 13 सवालों का एक परिपत्र विधायकों को दिया गया। अब तक सीएम कहते रहे हैं कि सरकार के खिलाफ एंटी इंकम्बेंसी नहीं है लेकिन विधायकों ने माना कि चुनावी साल में एंटी इंकम्बेंसी है। विधायकों से पूछा गया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में धार्मिक एवं जातिगत समीकरण, सरकार की योजनाओं, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को मुददा बनाने के लिए अब तक क्या किया गया।
अन्य पार्टी की स्थिति क्या है
क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के अतिरिक्त कोई अन्य पार्टी मजबूत है क्या? इंटरनेट मीडिया पर विधायकों से सक्रियता के बारे में भी पूछा गया। मंगलवार को 14 और गुरुवार को नौ जिलों के विधायकों से फीडबैक लिया जाएगा। चुनावी रणनीति बनाने को लेकर जयपुर में बुधवार को मंत्रियों, विधायकों, लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों का सम्मेलन होगा।
What's Your Reaction?