कालापानी पर सुलह की शुरुआत: क्या है नेपाल-भारत का 206 साल पुराना विवाद

<p><em><strong>नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर चर्चा शुरू हुई है। इसमें भारत और नेपाल के बीच सालों से चला आ रहा कालापानी विवाद भी है।</strong></em></p>

कालापानी पर सुलह की शुरुआत: क्या है नेपाल-भारत का 206 साल पुराना विवाद
04-06-2023 - 01:14 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

भारत और नेपाल के बीच लंबे वक्त से चल रहा कालापानी विवाद अब सुलझ सकता है। भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने गुरुवार को पीएम मोदी से मुलाकात की थी। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की मुलाकात के बाद कालापानी विवाद को खत्म करने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। नेपाल के प्रधानमंत्री ने भी भारत के साथ सीमा विवाद को सुलझाने के संकेत दिए हैं। 
माना जा रहा है कि दोनों देश विवाद को सुलझाने के लिए जमीन की अदला-बदली कर सकते हैं। भारत और नेपाल के सांस्कृतिक रूप से गहरे संबंध हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों से दोनों के बीच सीमा को लेकर तनातनी चल रही है। आखिर कालापानी विवाद क्या है और इसको सुलझाने में अगला कदम क्या होगा।
206 साल पुराना विवाद
भारत और नेपाल के बीच 1817 यानी 206 साल से ही सीमा विवाद चला आ रहा है। दरअसल नेपाल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के कालापानी इलाके पर अपना दावा करता है। इस इलाके में तीन गांव आते हैं। इस सीमा विवाद को सुलझाने के लिए कई बार दोनों देशों के बीच बातचीत भी हुई है। 1980 में सीमा विवाद को सुलझाने के लिए भारत सरकार ने एक कमेटी बनाई लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद 1997 में भारत और नेपाल ने एक संयुक्त टीम विवादित स्थान पर भेजने का फैसला किया, लेकिन यह टीम कभी नहीं पहुंची। लेकिन 2020 में नेपाल ने अपने नक्शे में कालापानी, लिपुलेख दर्रे और लिंपियाधूरा को शामिल किया, इसके बाद विवाद चरम पर पहुंच गया।
तीन हजार आबादी वाला क्षेत्र
कालापानी इलाके में तीन गांव हैं, जहां की आबादी करीब तीन हजार है। यहां रहने वाले लोगों की आय का प्रमुख जरिया इंडो-चीन सीमा व्यापार है। यहां लिपुलेख दर्रे से व्यापार होता है। लेकिन सर्दियों के दिनों में यहां बर्फबारी के चलते यह व्यापार भी बंद हो जाता है। स्थानीय लोग सालभर जंगलों से दुर्लभ जड़ी-बूटियां इकट्ठा करते हैं, जिन्हें बेचकर उनका जीवन यापन होता है।
नेपाल ने अपने नक्शे में दिखाया कालापानी का इलाका
उत्तराखंड का कालापानी इलाके का क्षेत्रफल 372 वर्ग किलोमीटर है। इस इलाके पर आईटीबीपी का कंट्रोल है। साल 2020 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिपुलेख दर्रे को उत्तराखंड के धारचूला से जोड़ने वाली एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क का उद्घाटन किया था। इस पर नेपाल ने कड़ी आपत्ति जताई। नेपाल ने कुछ दिनों बाद नया नक्शा पेश किया, जिसमें लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा के क्षेत्र को उसने अपने नक्शे में बताया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।