हिंदू नेता की हत्या में खालिस्तान कनेक्शन, कनाडा में बैठे गैंगस्टर लखबीर ने ली जिम्मेदारी
<p><em><strong>धरने पर बैठे सुधीर सूरी की शनिवार को संदीप सिंह सन्नी ने पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी थी।</strong></em></p>
पंजाब के अमृतसर में शनिवार को हुई हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के पीछे खालिस्तान का हाथ सामने आया है। कनाडा में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा ने फेसबुक पोस्ट डालकर हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। लंडा पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरमिंदर सिंह उर्फ रिंदा के साथ मिलकर पंजाब में आतंकी नेटवर्क ऑपरेट कर रहा है।
वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने हिंदू नेता सुधीर सूरी के शरीर का सिटी स्कैन करवाया है, जिसमें सूरी को चार गोलियां लगने की बात सामने आई है। दो गोलियां हिंदू नेता की छाती पर, एक गोली पेट के पास और एक गोली कंधे से लग कर निकल गई है। सुधीर सूरी की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को आरोपी संदीप सिंह सन्नी की 7 दिन की रिमांड मिली है।
सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुटी
हिंदू नेता की हत्या के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। हत्याकांड में खालिस्तानी कनेक्शन को लेकर जांच कर रहीं हैं। वहीं, एनआईए (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) के अधिकारी भी सुधीर सूरी हत्याकांड की जांच के लिए पहुंच गए हैं। एनआईए की टीम ने जहां घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और आस-पास के कुछ एक लोगों से भी बात कर मामले में जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
पंजाब बंद का आह्वान
अमृतसर में हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों के पंजाब बंद का असर इक्का-दुक्का जगह ही दिखा। वहीं, दिनदहाड़े पुलिस की मौजूदगी में हुई हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने राज्य के हिंदू नेताओं और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
देर रात घटनास्थल पर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि मंदिर की प्रबंधकीय कमेटी को लेकर किसी झगड़े से जुड़े मामले में सुधीर सूरी धरने पर बैठे थे। तभी कोट बाबा दीप सिंह निवासी संदीप सिंह सन्नी ने अपनी 32 बोर की पिस्तौल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। संदीप सिंह की अमृतसर में कपड़े की दुकान है।
लोगों ने किया प्रदर्शन
अमृतसर में गोपाल मंदिर के सामने प्रदर्शन कर रहे हिंदू नेता सूरी की हत्या के बाद लोग गुस्से में आ गए। उन्होंने आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की और एक कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। शिव सैनिकों ने खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने इलाके को सील कर दिया।
What's Your Reaction?