उ. कोरिया के सामने तैनात 150 मिसाइलों से लदी अमेरिकी परमाणु पनडुब्बी

<p><em><strong>अमेरिका ने अपनी परमाणु पनडुब्बी यूएसएस मिशिगन को दक्षिण कोरिया में तैनात किया है। यह पनडुब्बी 150 टॉमहॉक मिसाइलों को ले जाने में सक्षम है। माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया के लगातार मिसाइलों के परीक्षण के जवाब में अमेरिका ने दक्षिण कोरिया में यह पनडुब्बी की तैनाती की है।</strong></em></p>

उ. कोरिया के सामने तैनात 150 मिसाइलों से लदी अमेरिकी परमाणु पनडुब्बी
17-06-2023 - 12:37 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

अमेरिका ने करीब 150 टॉमहॉक मिसाइलों को ले जाने में सक्षम परमाणु शक्ति से लैस पनडुब्बी यूएसएस मिशिगन को शुक्रवार को दक्षिण कोरिया में तैनात किया। एक दिन पहले उत्तर कोरिया ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के अभ्यास के विरोध में फिर से मिसाइल परीक्षण करना शुरू किया था। दक्षिण कोरिया के अधिकारियों के अनुसार, नियमित अंतराल पर कोरियाई प्रायद्वीप में अमेरिकी सामरिक हथियारों के प्रदर्शन को बढ़ाने से संबंधित द्विपक्षीय समझौते तथा उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रमों में विस्तार के जवाब में यह तैनाती की गई है।
इसी के तहत छह साल में पहली बार यूएसएस मिशिगन दक्षिण कोरिया पहुंची है। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यूएसएस मिशिगन की तैनाती से अमेरिका और दक्षिण कोरिया की नौसेनाएं अपनी विशेष संचालन क्षमताओं तथा उत्तर कोरिया की ओर से बढ़ते परमाणु खतरे से निपटने के लिए संयुक्त क्षमता को बढ़ाने के लिए अभ्यास करेंगी। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी पनडुब्बी दक्षिण पूर्व बंदरगाह बुसान पहुंची लेकिन मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि पनडुब्बी कितने समय तक दक्षिण कोरिया के समुद्री क्षेत्र में वहां रहेगी।
किम जोंग उन की बहन ने दी धमकी
उत्तर कोरिया के पिछले साल से परमाणु परीक्षणों में तेजी के जवाब में दक्षिण कोरिया और अमेरिका सेनाओं ने अपने सैन्य अभ्यास में विस्तार किया है। उत्तर कोरिया की दलील है कि उसके विरोधी ने सैन्य अभ्यास बढ़ा दिए हैं जिसके जवाब में उसने भी अपनी परीक्षण गतिविधियों को बढ़ा दिया है। अप्रैल में वाशिंगटन में बैठक के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि अमेरिका ‘कोरियाई प्रायद्वीप में नियमित अंतराल पर अपने सामरिक हथियारों के प्रदर्शन’ को बढ़ाएगा। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने बाइडन-यून की बैठक के दौरान हुए समझौते की निंदा की थी और अपने देश की परमाणु ताकत को और बढ़ाने की धमकी दी थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।