अब ताईवानी तेवर..! सिर्फ 3 किमी दूर चीन पर गोलियों की बौछार
डर के आगे जीत का फार्मूला ताइवान ने अपना मूल मंत्र बना लिया है। 29 अगस्त को ताइवान ने चीन को आगाह किया था कि अगर कोई भी ड्रोन उसकी सीमा की तरफ आया या फिर उसने दाखिल होने की कोशिश की तो फिर उसे तुरंत गिरा दिया जाएगा। 30 अगस्त यानी मंगलवार को चीनी ड्रोन ने जब ऐसा करने का प्रयास किया तो ताइवान की सेना एक्शन में आ गई। दोनों देशों के बीच एक महीने से जारी तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब ताइवानी मिलिट्री ने चीनी ड्रोन पर गोलियां बरसाईं। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का यह ड्रोन ताइवान के नियंत्रण वाले किनमैन द्वीप की तरफ बढ़ रहा था। ताइवान के रक्षा मंत्रालय की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है। किनमैन द्वीप ताइवान के लिए बेहद खास है। इस द्वीप की अपनी एक रणनीतिक अहमियत है और ताइवान हमेशा इसकी सुरक्षा के लिए सजग रहता है।
किनमैन द्वीप ताइवान की बेहद खास जगह है और यह चीन से बस 3 किलोमीटर की दूरी पर है। किनमैन काउंटी के तहत दो ऐसे द्वीप हैं जहां काफी लोग रहते हैं, किनमैन द्वीप और लिटिल किनमैन। एक तीसरा द्वीप है, जिसका नाम दादन है और इसका अपना एक इतिहास है। किनमैन का मतलब होता है सुनहरा दरवाजा और यहां पर पारंपरिक मिन स्टाइल की काफी इमारतें हैं। इसके अलावा यहां पर कई सैन्य अड्डे भी हैं। चीन इसे फुजियान प्रांत का हिस्सा मानता है और इसे चीनी सीमा में मिलाने को बेकरार रहता है।
What's Your Reaction?