पुतिन की सेना के सामने उसी के हथियार, यूक्रेन ने छीने टी-72 टैंक
रूसी सेना के सामने अजब संकट है..! उसे इन दिनों अपने ही हथियारों से मुकाबला करना पड़ रहा है। यूक्रेन उत्तर पूर्वी क्षेत्र पर अपनी बढ़त को मज़बूत करने के लिए रूस की सेना से छीने गए टैंकों को तैनात कर रहा है। यह दावा अमेरिका के एक थिंकटैंक ने किया है। वहीं, कीव ने उन क्षेत्रों पर आगे बढऩे का संकल्प लिया है जिन पर रूस ने कब्जा कर लिया है।
वॉशिंगटन स्थित ‘इंस्टीट्यूट फॉर स्टडी ऑफ वार’ ने रूसी दावों के हवाले से कहा कि यूक्रेन टी-72 टैंकों का इस्तेमाल कर रहा है, जिन्हें रूसी सेना ने छोड़ दिया था और अब यूक्रेन रूस के कब्जे वाले क्षेत्र लुहांस्क में आगे बढऩे की कोशिश में है।
संस्थान ने कहा, 'जवाबी हमले से शुरू में घबराए रूसी सैनिक उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण छोड़ गए थे जो चालू स्थिति में हैं जबकि अप्रेल में कीव से पीछे हटने के दौरान रूसी सैनिक क्षतिग्रस्त उपकरण छोडक़र गए थे।' इस महीने के शुरू में यूक्रेन ने जवाबी हमले शुरू किए थे और अपने दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के आसपास के इलाकों में उसके सैनिक घुस गए थे। वीडियो और फोटो में दिख रहा है कि यूक्रेनी सैनिक टैंकों, गोला-बारूद और अन्य हथियारों को अपने कब्जे में ले रहे हैं जिन्हें रूस के सैनिक पीछे हटने के दौरान वहां छोड़ गए थे।
What's Your Reaction?