जस्टिस यशवंत वर्मा कैश विवाद मामला: इन-हाउस जांच समिति की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट बनाएगा पीठ
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस यशवंत वर्मा की उस याचिका पर सुनवाई के लिए एक पीठ गठित करेगा, जिसमें उन्होंने उनके आधिकारिक आवास से बेहिसाब नकदी की बरामदगी से जुड़े आरोपों ..
नयी दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस यशवंत वर्मा की उस याचिका पर सुनवाई के लिए एक पीठ गठित करेगा, जिसमें उन्होंने उनके आधिकारिक आवास से बेहिसाब नकदी की बरामदगी से जुड़े आरोपों की जांच कर रही इन-हाउस जांच समिति की कानूनी वैधता को चुनौती दी है।
दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस वर्मा, जिनके खिलाफ नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर नकदी मिलने के आरोपों की जांच के बाद महाभियोग की प्रक्रिया शुरू की गई है, ने 18 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका दायर की थी। उन्होंने इन-हाउस जांच प्रणाली को “समानांतर, संविधान-विरोधी तंत्र” बताया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, जो वर्मा की ओर से वकीलों की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, ने यह याचिका भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ (वास्तव में अब सीजेआई बी आर गवई हैं) की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष उल्लेखित की। सिब्बल ने कहा, “हमने कुछ संवैधानिक मुद्दे उठाए हैं। हम निवेदन करते हैं कि इसे जल्द से जल्द सूचीबद्ध किया जाए।”
मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई ने कहा, “मुझे इस मामले के लिए एक पीठ गठित करनी होगी। चूंकि मैं उस बातचीत का हिस्सा रहा हूं, इसलिए मेरे लिए इस मामले को लेना उचित नहीं होगा। मैं इस पर विचार करूंगा और एक पीठ का गठन करूंगा।”
जस्टिस वर्मा ने अपनी याचिका में कहा, “मुख्य रूप से, न्यायपालिका की स्वतंत्रता को बनाए रखते हुए और सार्वजनिक विश्वास को कायम रखने के लिए 1999 की फुल कोर्ट प्रस्ताव के माध्यम से अपनाई गई इन-हाउस प्रक्रिया, आत्म-नियमन और तथ्यों की जांच की मूल सीमा से आगे बढ़ जाती है।”
याचिका में कहा गया है, “जब यह प्रक्रिया किसी संवैधानिक पद से हटाने की सिफारिश तक पहुंचती है, तो यह संविधान के अनुच्छेद 124 और 218 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन करती है, जो उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों को हटाने का अधिकार विशेष रूप से संसद को देती है—जो विशेष बहुमत से पारित प्रस्ताव और ‘जजेज़ (इन्क्वायरी) एक्ट, 1968’ के तहत जांच के बाद ही संभव है।”
याचिका में यह भी कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अपनाई गई कोई भी प्रशासनिक या आत्म-नियामक प्रक्रिया “उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के संवैधानिक संरक्षण प्राप्त कार्यकाल को न तो दरकिनार कर सकती है और न ही भारत के मुख्य न्यायाधीश को यह अधिकार दे सकती है कि वे अन्य न्यायाधीशों के भाग्य का निर्णय करने वाले सर्वोच्च न्यायाधीश बन जाएं।”
इसके अलावा, जस्टिस वर्मा की याचिका में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके आवास पर जले हुए नोटों के वीडियो को सार्वजनिक करने के फैसले को “स्पष्ट रूप से असंतुलित और कानून का उल्लंघन” बताया गया है। उनका कहना है कि इस खुलासे से मीडिया ट्रायल की स्थिति बन गई, जबकि सुप्रीम कोर्ट खुद इस पर रोक लगाने संबंधी फैसले दे चुका है।
याचिका में कहा गया, “इन अपुष्ट आरोपों को 22 मार्च 2025 को इस माननीय न्यायालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सार्वजनिक कर देना अभूतपूर्व था, जिससे याचिकाकर्ता को मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ा और उसकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा व न्यायिक करियर को अपूरणीय क्षति पहुंची।”
जस्टिस वर्मा ने तीन सदस्यीय इन-हाउस न्यायिक समिति की रिपोर्ट के निष्कर्षों को भी चुनौती दी है। यह समिति भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा 22 मार्च को गठित की गई थी—उस घटना के एक सप्ताह बाद जब 14 मार्च को जस्टिस वर्मा के आवास पर आग लगने की घटना के बाद नकदी मिलने का मामला सामने आया था।
इस समिति में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जी एस संधावालिया और कर्नाटक हाईकोर्ट की न्यायाधीश जस्टिस अनु शिवरामन शामिल थे। समिति ने जस्टिस वर्मा के खिलाफ आरोपों को प्रथम दृष्टया सही माना था।
याचिका में कहा गया है कि समिति की रिपोर्ट बिना उचित प्रक्रिया और पर्याप्त सबूतों के निष्कर्ष पर पहुंची है। जस्टिस वर्मा ने रिपोर्ट से जुड़े सभी परिणामी कदमों, जिसमें सीजेआई की सिफारिश भी शामिल है, को चुनौती दी है।
What's Your Reaction?