यूनुस सरकार के सहयोगी का बयान कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया तो उत्तर-पूर्व भारत पर कब्जा करो..
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार, जिसकी अगुवाई मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं, से जुड़े एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी ने कहा है कि यदि भारत, पहलगाम नरसंहार के चलते पाकिस्तान पर हमला करता है तो..
गुवाहाटी। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार, जिसकी अगुवाई मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं, से जुड़े एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी ने कहा है कि यदि भारत, पहलगाम नरसंहार के चलते पाकिस्तान पर हमला करता है, तो बांग्लादेश को भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों पर कब्जा कर लेना चाहिए।
सेवानिवृत्त मेजर जनरल ए.एल.एम. फजलुर रहमान, जो कभी बांग्लादेश राइफल्स (अब बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) के प्रमुख रह चुके हैं, ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सुझाव दिया कि बांग्लादेश को "चीन के साथ एक संयुक्त सैन्य व्यवस्था पर बातचीत शुरू करनी चाहिए।"
भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों का उल्लेख भारत में चिंतन का विषय बना है, जहां अधिकारियों और विश्लेषकों ने इस क्षेत्र की भू-आवरोधक (लैंडलॉक्ड) स्थिति को चीनी निवेशकों के समक्ष उभारने की मंशा पर सवाल उठाए हैं। इन टिप्पणियों को दक्षिण एशिया में चीन की बढ़ती रणनीतिक दिलचस्पी और विशेषकर अरुणाचल प्रदेश के पास भारत की सीमाओं पर उसके बुनियादी ढांचे के विकास के संदर्भ में देखा जा रहा है।
29 अप्रैल को दिया गया रहमान का यह बयान उस समय आया है जब 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। साथ ही बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के हटने के बाद भारत-बांग्लादेश संबंध भी तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जटिल भू-राजनीतिक परिस्थितियाँ उजागर हुई हैं।
अंतरिम सरकार ने पिछले साल रहमान को एक सात-सदस्यीय स्वतंत्र आयोग का प्रमुख नियुक्त किया था, जिसका उद्देश्य 2009 में तत्कालीन बांग्लादेश राइफल्स के पिलखाना मुख्यालय में हुए विद्रोह और नरसंहार की पुन: जांच करना है। उस घटना में 74 लोग मारे गए थे, जिनमें 57 सेना अधिकारी शामिल थे।
रहमान के भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई वाले भड़काऊ बयान से दूरी बनाते हुए बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह विचार सरकार की आधिकारिक सोच को नहीं दर्शाते।
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार कार्यालय के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ए.एल.एम. फजलुर रहमान, जो बीडीआर आयोग के प्रमुख हैं, ने ये टिप्पणियाँ व्यक्तिगत क्षमता में की हैं।
उन्होंने कहा, "अंतरिम सरकार किसी भी रूप में उनके विचारों से सहमत नहीं है और इस तरह की बयानबाज़ी का समर्थन नहीं करती। बांग्लादेश सभी राष्ट्रों की संप्रभुता और स्वतंत्रता का सम्मान करता है और यही अपेक्षा दूसरों से भी करता है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि मेजर जनरल फजलुर रहमान की व्यक्तिगत टिप्पणी को बांग्लादेश सरकार से न जोड़ा जाए।"
रहमान का बयान उस समय आया है जब कुछ सप्ताह पहले मुहम्मद यूनुस ने चीन की यात्रा की थी, जहाँ उन्होंने कथित तौर पर बीजिंग से बांग्लादेश में अपना आर्थिक प्रभाव बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारत के उत्तर-पूर्वी राज्य लैंडलॉक्ड हैं और यह चीन और बांग्लादेश के लिए एक अवसर हो सकता है।
यूनुस ने बांग्लादेश को इस क्षेत्र के लिए “समुद्र का एकमात्र संरक्षक” बताया और देश को चीनी आर्थिक विस्तार के लिए एक द्वार (गेटवे) के रूप में प्रस्तुत किया, जिसमें नेपाल और भूटान के जलविद्युत संसाधनों तक पहुंच भी शामिल है। यूनुस ने चीन के साथ कई समझौते किए और इस संबंध को "एक नए चरण" में प्रवेश बताया, यह कहते हुए कि चीन को एक अच्छे मित्र और भारत के विरुद्ध संतुलन के रूप में देखा जाना चाहिए।
What's Your Reaction?