भाजपा ने तेलंगाना विधायक टी राजा सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह का पार्टी से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर..
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह का पार्टी से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है, "यह पत्र आपके दिनांक 30 जून 2025 के पत्र संख्या 1041 के संदर्भ में है, जिसे आपने श्री जी. किशन रेड्डी जी (भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष) को पार्टी से इस्तीफे के संदर्भ में लिखा था।"
पत्र में आगे कहा गया है, "आपके द्वारा लिखे गए पत्र की प्रति माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के संज्ञान में लाई गई। आपके द्वारा कही गई बातें पार्टी की कार्यशैली, विचारधारा और सिद्धांतों से मेल नहीं खातीं और उन्हें अप्रासंगिक माना गया है।"
टी. राजा सिंह ने 30 जून को अपना इस्तीफा सार्वजनिक किया था और अपनी चिट्ठी की प्रति सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा था, "बहुतों की चुप्पी को सहमति मत समझिए।"
राज्य नेतृत्व में बदलाव से नाराज़ थे राजा सिंह
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव को लेकर राजा सिंह नाराज़ थे। पार्टी ने हाल ही में वरिष्ठ नेता एन. रामचंदर राव को नया तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया था, जिससे नाराज़ होकर राजा सिंह ने इस्तीफा दे दिया।
अपने तीन पन्नों के इस्तीफे में राजा सिंह ने लिखा था, "हमारे राज्य में कई वरिष्ठ नेता, विधायक और सांसद हैं जिन्होंने पार्टी के विस्तार के लिए वर्षों मेहनत की है। उनके पास नेतृत्व की क्षमता, जनसंपर्क और विश्वसनीयता है। दुर्भाग्यवश कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह कर रहे हैं और पर्दे के पीछे से निर्णय करा रहे हैं। इससे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के बलिदान का अपमान हो रहा है और पार्टी को अनावश्यक नुकसान की ओर धकेला जा रहा है।"
टी. राजा सिंह तीन बार के विधायक हैं और तेलंगाना में भाजपा के एक प्रमुख हिंदुत्व चेहरा माने जाते हैं।
What's Your Reaction?