भारतीय वायुसेना के विमान पर 'ऑपरेशन ब्रह्मा' के दौरान साइबर हमला, GPS सिग्नल से की गई छेड़छाड़: रिपोर्ट
भूकंप प्रभावित दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश में राहत अभियान के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ में तैनात भारतीय वायुसेना (IAF) के विमानों को हवा में साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है
नयी दिल्ली। भूकंप प्रभावित दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश में राहत अभियान के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ में तैनात भारतीय वायुसेना (IAF) के विमानों को हवा में साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 29 मार्च से जारी इस मिशन के दौरान यह हमला सामने आया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वायुसेना के C-130J विमान को उड़ान के दौरान "स्पूफिंग" के ज़रिए सैटेलाइट आधारित GPS संकेतों के साथ छेड़छाड़ की गई। इसके कारण विमान की नेविगेशन प्रणाली में भ्रम उत्पन्न हुआ और उसकी दिशा गड़बड़ा गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट ने स्थिति को तुरंत भांपते हुए बेहद सतर्कता से प्रतिक्रिया दी और तत्काल आंतरिक नेविगेशन सिस्टम (INS) पर स्विच कर सुरक्षित तरीके से विमान का संचालन सुनिश्चित किया।
सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यह पता लगाना मुश्किल है कि म्यांमार के हवाई क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के विमान के GPS सिस्टम से छेड़छाड़ के पीछे कौन था। हालांकि, यह क्षेत्र चीन की रणनीतिक गतिविधियों का गढ़ रहा है और यहां गैर-राज्य सशस्त्र समूह भी शासन के खिलाफ सक्रिय हैं।
इस हमले को आधुनिक युद्धक रणनीतियों के तहत "साइबर-आधारित युद्ध" की एक गंभीर घटना के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें GPS स्पूफिंग के ज़रिए विमान को ग़लत दिशा में मोड़ने की कोशिश की जाती है। हालांकि भारतीय वायुसेना की तत्परता और तकनीकी क्षमता के चलते किसी बड़े खतरे को टाल दिया गया।
इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय राहत अभियानों के दौरान सुरक्षा और साइबर खतरों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?