ममता बनर्जी ने बताया क्यों ऑपरेशन सिन्दूर प्रतिनिधिमंडल से हटे यूसुफ पठान

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिन्दूर पर भारत की स्थिति स्पष्ट करने के लिए गठित सर्वदलीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लोकसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को शामिल करने से पहले पार्टी से कोई चर्चा या अनुमति नहीं ली..

ममता बनर्जी ने बताया क्यों ऑपरेशन सिन्दूर प्रतिनिधिमंडल से हटे यूसुफ पठान
20-05-2025 - 06:17 AM

कोलकाता तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिन्दूर पर भारत की स्थिति स्पष्ट करने के लिए गठित सर्वदलीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लोकसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को शामिल करने से पहले पार्टी से कोई चर्चा या अनुमति नहीं ली थी। इसके तुरंत बाद ही टीएमसी ने यूसुफ पठान को इस पैनल से वापस ले लिया।

कोलकाता एयरपोर्ट से उत्तर बंगाल रवाना होने से पहले ममता बनर्जी ने कहा, "ऐसा नहीं है कि टीएमसी विदेश दौरे वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं बनना चाहती। इस बात को स्पष्ट कर दें। अब दिल्ली में व्यवस्था ऐसी हो गई है कि वे (केंद्र सरकार) 'मदर पार्टी' को जानकारी नहीं देते, सिर्फ संसदीय पार्टी को सूचना भेजते हैं।"

उन्होंने कहा कि टीएमसी के सांसद ऐसे निर्णय लेने के अधिकृत नहीं हैं, "सांसद संसद सत्र के दौरान विधेयकों आदि पर निर्णय लेते हैं। अभी सत्र नहीं चल रहा है। अगर केंद्र सरकार मुझसे अनुरोध करती कि किसी को भेजें, तो हम विचार करते। मैं लोकसभा और राज्यसभा दोनों में हमारी संसदीय पार्टी की अध्यक्ष हूं।"

ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने सरकार के कदम का बहिष्कार नहीं किया है। उन्होंने कहा, "हम इसका बहिष्कार नहीं कर रहे हैं। हम पूरी तरह से सरकार के साथ हैं।"

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी पार्टी के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "केंद्र यह कैसे तय कर सकता है कि टीएमसी का प्रतिनिधित्व कौन करेगा? उन्हें विपक्षी दलों से बातचीत करनी चाहिए थी। बीजेपी यह कैसे तय कर सकती है कि तृणमूल की ओर से कौन जाएगा?"
"
टीएमसी इस प्रतिनिधिमंडल का बहिष्कार नहीं कर रही है। यह एकमात्र पार्टी है जिसने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया।"

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने केंद्र के फैसले का बचाव किया। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, "जब केंद्र सरकार कोई अंतरराष्ट्रीय निर्णय लेती है तो राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। यह कोई राजनीतिक टीम नहीं है, यह सरकार की टीम है। इसलिए निर्णय लेने का अधिकार सरकार को ही होना चाहिए।"

बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राजनीति में पदार्पण करने वाले यूसुफ पठान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में पूर्व विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी को हराकर बहरमपुर सीट जीती थी। अधीर चौधरी ने 1999 से 2019 तक लगातार पांच बार मुर्शिदाबाद जिले की इस सीट से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार टीएमसी के चौंकाने वाले उम्मीदवार से हार गए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।